ईंट भट्ठे से लापता हुए चालीस मजदूर

[Brick Kiln Database - Related News]

सुजानगंज थाना क्षेत्र के सवेली गांव में स्थित ईंट भट्ठे से 40 मजदूर गुरुवार को अचानक लापता हो गए। मजदूरों के बारे में गोलमाल जानकारी देने पर पुलिस ने ईंट भट्ठा मालिक और मुंशी को गिरफ्तार कर लिया। सुजानगंज थाना क्षेत्र के सवेली गांव में राजेश यादव का ईंट भट्ठा है। लेबर कांट्रैक्टर सनी के माध्यम से बिलासपुर से 40 श्रमिकों को ईट भट्ठे पर लाया गया था। पिछले कई महीने से बकाया मजदूरी नहीं मिलने पर मजदूरो ने डीएम कार्यालय पर धरना दिया था। जिलाधिकारी ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में मजदूरों को उनकी मजदूरी के भुगतान के लिए टीम गठित कर दी। गुरुवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एम शरणप्पा, सहायक श्रम आयुक्त वीएन दूबे, सीओ बदलापुर पुलिस बल के साथ ईंट भट्ठे पर पहुंचे। ईंट भट्ठा मालिक राजेश यादव, मुंशी लक्ष्मी नारायण उपाध्याय ने अफसरों को बताया कि कांट्रेक्टर सनी को पूरा पैसा भुगतान कर दिया गया और मजदूर उनके साथ यहां से चले गए। जबकि रात में ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने मजदूरों से बात की थी और उन्हें सुबह भट्ठे पर आने को कहा था। वे मौके पर पहुंचे तो कोई मजदूर वहां नहीं मिला और वह नंबर भी स्विच आफ हो गया था जिसपर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की रात में बात हुई थी। इससे पूरा मामला संदिग्ध हो गया। सहायक श्रम आयुक्त की तहरीर पर सुजानगंज पुलिस ने ईंट भट्ठा मालिक और मुंशी दोनों को गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ बंधुआ मजदूर अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।